भाजपा महिला नेत्री का पूर्व सांसद पर शारीरिक शोषण, हत्या की सुपारी और धमकी का आरोप
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, कन्नौज/उत्तर प्रदेश
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। भाजपा की एक महिला नेत्री ने अपनी ही पार्टी के पूर्व सांसद पर शारीरिक शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मानसिक, आर्थिक, शारीरिक शोषण समेत जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है।
महिला नेत्री ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने पूर्व सांसद सुब्रत पाठक से खुद और परिवार के सदस्यों की जान को खतरा बताया है। महिला नेत्री ने सुब्रत पाठक पर हत्या की सुपारी देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके पास सुब्रत पाठक के खिलाफ कई सबूत हैं, जिन्हें वे समय आने पर उजागर करेंगी। शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोप लगाने वाली महिला नेत्री जिला पंचायत सदस्य भी हैं। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक पर हत्या करवाए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देते हुए कहा कि पूर्व सांसद सुब्रत पाठक जब से चुनाव हारे हैं, अपना आपा खो बैठे हैं।
महिला नेत्री ने कहा कि सुब्रत पाठक ने उनके पूरे परिवार की हत्या करने के लिए 20 लाख रुपए की सुपारी दिला दी। उन्होंने 25 जून को ही सभी साक्ष्यों के साथ कप्तान साहब को अवगत कराया था, जिसमें एसओजी की टीम लगी हुई है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।