महाराजगंज के जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में होगा आयोजन
एक से तीन अक्तूबर तक चलने वाले इस आयोजन में स्कूली प्रतिभाओं से लेकर नामचीन कलाकार लेंगे हिस्सा
महाराजगंज | स्थानीय जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में एक से तीन अक्तूबर तक होने वाले महराजगंज महोत्सव आयोजन को लेकर तैयारिया शुरू कर दी गई है जिसमे स्कूली प्रतिभाओं से लेकर नामचीन कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे | तीन वर्ष बाद एक बार फिर महराजगंज महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिख रही है ।
जिला प्रशासन की ओर से महोत्सव को बेहतर ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। प्रयास किया जा रहा है कि महोत्सव न सिर्फ ऐतिहासिक हो, बल्कि उसे लंबे समय तक लोग याद भी रखें। तीन दिवसीय कार्यक्रम को प्रत्येक दिन चार चरणों में बांटा गया है तथा नोडल अधिकारी के रूप में अधिकारियों की जवाबदेेही तय की गई है।
महाराजगंज महोत्सव कार्यक्रम की रुपरेखा
प्रथम दिन – एक अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक महोत्सव का शुभारंभ होगा। दो से तीन बजे तक अंतर विद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी व रंगोली प्रतियोगिता भी होगी। तीन से साढ़े चार बजे तक स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक कार्यक्रम (एकल), महराजगंज के इतिहास पर गोष्ठी व कफन नाटक की प्रस्तुति होगी। शाम छह बजे से अमित अंजन की प्रस्तुति होगी व रात आठ से 12 बजे तक डॉ. कुमार विश्वास व उनकी टीम की ओर से कवि सम्मेलन होगा।
द्वितीय दिन- जिले के स्थापना दिवस पर दो अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से एक बजे तक अंतर विद्यालयीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता होगी। दोपहर 12.30 से तीन बजे के बीच मेें विज्ञान प्रदर्शनी, खादी फैशन शो एवं फ्लावर एंड प्लांट शो का आयोजन होगा। तीन से चार बजे तक मिशन शक्ति पर कार्यक्रम होगा। चार से साढ़े पांच बजे स्थानीय कलाकारों की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। साढ़े पांच बजे से छह बजे तक शहीद भगत सिंह नाटक की प्रस्तुति होगी।
तृतीय दिन- तीसरे व अंतिम दिन तीन अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, डेढ़ से तीन बजे तक अंतर विद्यालयीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, तीन से चार बजे तक विभिन्न प्रतियोगिता में बेेहतर प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के साथ ही मैजिक शो होगा। रात नौ से 12 बजे तक भजन गायक अनूप जलोटा की प्रस्तुति होगी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि महोत्सव की सफलता में सभी सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग पूरी जिम्मेदारियों के साथ लगे रहेंगे तो न सिर्फ कार्यक्रम बेहतर होगा, बल्कि उसे ऐतिहासिक व यादगार बनाने में भी सफलता मिलेगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, सहायक निबंधक सहकारिता सवींद्र सिंह समेत जिले के अन्य अधिकारी व आयोजन समिति से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।