नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर 15 विकास नगर की घटना, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
फरेंदा (महराजगंज): नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर 15 विकास नगर निवासी महिला की शुक्रवार की भोर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार फरेंदा और सीओ फरेंदा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, नगर पंचायत आनंदनगर वार्ड नं 15 विकास नगर निवासी गौरव जायसवाल की पत्नी प्रीति की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के गले में फंदे का निशान था, जिससे मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह उत्पन्न हो गया है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि महिला की मृत्यु की सूचना पर घटनास्थल पर जांच पड़ताल की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस विधिक कार्यवाही में जुटी हुई है और मामले की तहकीकात कर रही है।